
MADHUBANI:- नगर निगम की अनदेखी से नवटोली चकदह महादलित टोले की सड़क पर जलजमाव और कीचड़, लोगों में बढ़ रहा आक्रोश
मधुबनी, 12 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 21 में रेलवे 13 नंबर गुमटी के बगल से नवटोली चकदह महादलित टोल को जोड़ने वाली सड़क महीनों से जलजमाव बनी हुई है। आरटीआई एक्टिविस्ट व सामाजिक कार्यकर्ता सुभाष यादव उर्फ हनुमानजी ने इस सड़क पर जलजमाव को लेकर नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए है।
उन्होंने कहा कि यह सड़क नहीं, बीमारी का घर बन गई है। यहां महादलित और अतिपिछड़ा वर्ग के 200 से अधिक परिवार रोजाना इसी रास्ते से गुजरते हैं। महीनों से सड़क पर पानी और कीचड़ जमा है, लेकिन नगर निगम आंख मूंद कर बैठा है। यह दलितों के साथ अन्याय है।
उन्होंने बताया कि कीचड़ के कारण बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें 2 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। कई बच्चे फिसल कर गिर जाते हैं, जिससे उनकी किताबें और कपड़े खराब हो जाते हैं। कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना ही बंद कर दिया है।
सुभाष यादव ने कहा कि जमा गंदा पानी सड़ कर बदबू दे रहा है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। पूरे टोल में डेंगू, मलेरिया और चर्म रोग का खतरा मंडरा रहा है। सड़क और नाली निर्माण के लिए नगर निगम को कई बार आवेदन दिया गया, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने निगम प्रशासन से तत्काल पंपिंग सेट लगाकर पानी निकासी, पूरे वार्ड में चूना-ब्लीचिंग और फॉगिंग, तथा सड़क के ऊंचीकरण के साथ दोनों तरफ पक्की नाली निर्माण की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर समाधान नहीं हुआ तो महादलित परिवारों के साथ निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।



