
MADHUBANI: नगर निगम पर सबमर्सिबल मेटेरियल का बकाया 15 लाख, भुगतान के लिए जाएंगे न्यायालय
मधुबनी- 26 जून। नगर निगम के विभिन्न वार्डों में दो साल पूर्व लगाए गए 9 सबमर्सिबल मेटेरियल का भुगतान नहीं होने से मेटेरियल आपूर्ति कर्ता का करीब 15 लाख का भुगतान लंबित है। जिससे आपूर्ति कर्ता के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। सबमर्सिबल मेटेरियल आपूर्ति कर्ता बब्बू सिंह ने बताया कि निगम क्षेत्र में उनके द्वारा कुल 25 सबमर्सिबल के लिए मेटेरियल की आपूर्ति की गई।

पहले फेज में 16 सबमर्सिबल गाडा गया। इस कार्य के लिए नगर निगम द्वारा जेई को कार्यादेश दिया गया था। जिसका भुगतान जेई द्वारा किया गया। वहीं, दूसरे चरण में 9 सबमर्सिबल के लिए मेटेरियल आपूर्ति के लिए तत्कालीन नगर आयुक्त व मेयर से मौखिक निर्देश दिया गया था। इसके बाद विभिन्न वार्डों में 9 सबमर्सिबल के लिए पाइप, मोटर के साथ वाटर स्टैंड सामग्री,पानी टंकी सहित अन्य मेटेरियल की आपूर्ति की गई। गाडे गए सबमर्सिबल में वार्ड 35 में दो महादेव मंदिर मच्छहट्टा चौक व समुदायिक भवन सहनी टोल, वार्ड 6 में एक सबमर्सिबल मंगरौनी बजरंगबली स्थान, वार्ड 23 में एक सबमर्सिबल भाकपा कार्यालय सामने, वार्ड 24 में एक सबमर्सिबल, वार्ड 30 में एक सबमर्सिबल राजा सहलेश स्थान स्थित, वार्ड 40 में तीन सबमर्सिबल एक राम जानकी हनुमान मंदिर न्यू गंगासागर कॉलनी, एक निधि चौक बचू राय घर के पास व एक कंटाही टोल स्थित शामिल है। इसी बीच नगर आयुक्त अनिल चौधरी का तबादला हो गया। लेकिन अब तक मेटेरियल का भुगतान नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि गाडे गए 9 सबमर्सिबल से संबंधित वार्ड पार्षदों ने एनओसी दे चुके है। आपूर्ति कर्ता ने बताया कि बकाया राशि का भुगतान की प्रकिया नगर निगम द्वारा शुरु नहीं किए जाने पर कानूनी प्रकिया अपनाई जाएगी।
इधर, नगर आयुक्त ने बताया कि मामले की समुचित जानकारी लेने के बाद ही कोई कार्रवाई की जा सकती है।



