
MADHUBANI;- बाबा कपिलेश्वर मंदिर के सामने माता पार्वती मंदिर दो दशक से नहीं हो सका रंग-रोगन
मधुबनी- 03 जून। रहिका प्रखंड के प्रसिद्ध बाबा कपिलेश्वर स्थान मंदिर परिसर स्थित माता पार्वती मंदिर करीब दो दशक से उपेक्षा का शिकार होकर रह गया है। बता दें कि बाबा कपिलेश्वर मंदिर के सामने माता पार्वती मंदिर का रंग-रोगन दो दशक से नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास दरभंगा के तहत माता पार्वती मंदिर के नाम पर यहां 52 बीधा जमीन है। जिसमें 10 एकड़ का पोखर, 5 एकड का बगीचा के अलावा परिसर में करीब दो दर्जन दुकान किराए पर दिए गए है।
लोगों ने बताया कि पोखर, बगीचा और दुकानों के किराया के रुप में सालाना 20 लाख से अधिक रुपये की आमदनी होती है। जबकि माता पार्वती मंदिर का रखरखाव और रंग-रोगन कार्य नहीं कराई जा सकी है। लोगों ने बताया कि माता पार्वती मंदिर के नाम पर कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास दरभंगा द्वारा बनाई गई सेवैत के तहत कुछ कर्मी द्वारा पोखर, बगीचा और दुकानों से होने वाली आमदनी को छिपाया जाता है।
जानकारों का माने तो पंडाओं का दबदबा और कामेश्वर सिंह धार्मिक न्यास की उदासीनता के कारण माता पार्वती मंदिर के नाम पर संपति की रखरखाव की बजाय उगाही का जरिया बनकर रह गया है। एक दर्जन से अधिक लोगों को मंदिर की जमीन पर अवैध कब्जा दिलाकर सालाना लाखों रुपये की उगाही हो रही है। मंदिर का विकास और श्रद्घालुओं की सुविधा का कोई ख्याल नहीं रखा जा रहा है। जबकि श्रद्धालुओं से मिलने वाला चढ़ावा का भी कोई लेखा-जोखा नहीं रखा जाता है। माता पार्वती की आभूषण का मामला भी सामने नहीं आ रहा है। यहां सब कुछ पुरानी व्यवस्था के भरोसे ही चल रहा है।



