
MADHUBANI:- सरकारी वाहन ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक परिसर में अनैतिक गतिविधियों के आरोप, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मधुबनी, 30 सितंबर। शहर के गंगासागर चौक स्थित वाहन टेस्टिंग ट्रैक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन दिनों ट्रैक परिसर में जुआ और अन्य संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इन गतिविधियों के कारण परिसर में दिनभर नशेड़ियों और बाहरी लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। सुबह से ही बिना किसी काम के लोगों का आना-जाना शुरू हो जाता है, जिससे आम लोगों में असुरक्षा की भावना है।
बतादें कि गंगासागर चौक स्थित यह ट्रैक जिला परिवहन विभाग के अधीन है, बावजूद इसके पूरे परिसर में न तो कोई स्थायी सुरक्षा गार्ड तैनात है और न ही पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। कई जगहों पर ट्रैक भी टूटी हुई है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इसका जिम्मेदार कौन है? जबकि यह परिसर सरकारी संपत्ति है, नियमानुसार यहां की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी परिवहन विभाग और संबंधित एजेंसी की है। जब यह ट्रैक सरकार की निगरानी में है, तो यहां बाहरी लोगों का अवैध प्रवेश और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें क्यों मिल रही हैं?
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसी असुरक्षित सरकारी जगहें असामाजिक गतिविधियों और संगठित अपराधों के लिए सॉफ्ट टारगेट बन जाती हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि परिसर में जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, रात में स्थायी होमगार्ड तैनात कर पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए और ट्रैक परिसर में अवैध प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए।
इधर, DTO कार्यालय का कहना है कि मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।



