
MADHUBANI:- दीपावली पर बसुआरा में सजेगी माँ लक्ष्मी की दरबार, निकलेगी भव्य कलश शोभा यात्रा
मधुबनी, 07 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के बसुआरा में दीपावली को लेकर माँ लक्ष्मी पूजा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। लक्ष्मी मंदिर प्रांगण में भव्य प्रतिमा का निर्माण पूरा हो गया है। कल 8 नवंबर से चार दिवसीय भव्य पूजनोत्सव का शुभारंभ होगा।
पूजनोत्सव का शुभारंभ 8 नवंबर को भव्य कलश शोभा यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में सैकड़ों महिला श्रद्धालु शामिल होंगे। कलश यात्रा के बाद कलश स्थापना और प्रतिमा का पट खुलेगा। इसके साथ ही माँ लक्ष्मी की पूजा-अर्चना विधिवत शुरू हो जाएगी।
इस वर्ष 8 नवंबर से 11 नवंबर तक चार दिवसीय पूजनोत्सव का आयोजन किया जाएगा। 11 नवंबर को विसर्जन के साथ पूजा संपन्न होगी। पूजा के दौरान प्रतिदिन संध्या में महा-आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय कलाकार भजन, कीर्तन और लोकगीतों की प्रस्तुति देंगे।
समिति के अध्यक्ष कौशल किशोर मंडल ने बताया कि बसुआरा की लक्ष्मी पूजा की शुरुआत वर्ष 1976 में हुई थी। तब से लेकर आज तक लगातार यहाँ माँ लक्ष्मी की पूजा अनवरत चली आ रही है। यही कारण है कि यह पूजा पूरे मिथिला क्षेत्र में प्रसिद्ध है। दीपावली पर यहाँ हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ते हैं।
इस वर्ष पूजा के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, इसलिए आयोजन को और भी भव्य रूप दिया गया है। शास्त्रों में कहा गया है कि दीपावली की रात्रि में माँ लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं और जहाँ स्वच्छता, श्रद्धा और भक्ति होती है, वहीं वास करती हैं।
बसुआरा में मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से माँ लक्ष्मी की आराधना करने से घर में सुख-समृद्धि आती है, व्यापार में वृद्धि होती है और दरिद्रता दूर होती है। इसीलिए व्यापारी वर्ग से लेकर आम गृहस्थ तक सभी इस पूजा में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।
पूजा की तैयारी में सचिव उपेन्द्र यादव, कोषाध्यक्ष भागीरथ पासवान, तरुण राठौड़, जीतू कुमार, पियूष कुमार, सोनू कुमार, आनंद मंडल सहित समिति के सभी सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे हैं।



