धर्म-ज्योतिष

श्रीमद्भागवत कथा महायज्ञ के चौथे दिन धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, नंदोत्सव में झूमे श्रद्धालु

मधुबनी- 23 नवंबर। जिले के पंडौल प्रखंड अंतर्गत हरिपुर ड्योढ़ी परिसर में बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के सहयोग से आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ के चौथे दिन पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की खुशियों और भक्ति के उल्लास से सराबोर हो उठा। अयोध्या धाम के प्रख्यात शास्त्रोपासक एवं भागवत मर्मज्ञ आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज के ओजस्वी एवं भावपूर्ण प्रवचन के बीच भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव और नंदोत्सव अत्यंत धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य प्राकट्य की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए कहा कि जब-जब धरती पर अधर्म, अत्याचार और अन्याय बढ़ता है, तब-तब धर्म की स्थापना एवं भक्तों की रक्षा के लिए भगवान अवतार लेते हैं। कंस के अत्याचार से त्रस्त देवकी और वसुदेव के कारागार में भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को अर्धरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य प्राकट्य हुआ। भगवान के जन्म लेते ही कारागार के ताले स्वतः खुल गए, पहरेदार गहरी निद्रा में सो गए और वसुदेव जी बालकृष्ण को टोकरी में रखकर यमुना पार गोकुल पहुंचा आए।

नंदोत्सव का वर्णन करते हुए आचार्य जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के नंद बाबा के घर पहुंचते ही संपूर्ण गोकुल आनंद और उल्लास में डूब गया। गोप-गोपियों ने मंगल गीत गाए, दही-माखन की होली खेली और नंद बाबा ने प्रसन्न होकर मुक्तहस्त से दान किया। नंदोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि भगवान के आगमन से जीवन में आने वाले आनंद, प्रेम, समर्पण और मंगल का प्रतीक है।

कथा के दौरान जैसे ही आचार्य जी ने भक्तिमय स्वर में ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ का उद्घोष किया, पूरा पंडाल जय श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान के जन्मोत्सव का स्वागत किया। बाल गोपाल को सुंदर पालने में विराजमान कराकर उनका दर्शन किया गया। महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाए और भक्तजन भक्ति संगीत पर झूमते नजर आए। इस दौरान पंजीरी एवं पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया।

आचार्य विनय चेतन शास्त्री जी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीकृष्ण का जन्म केवल एक ऐतिहासिक घटना अथवा दिव्य लीला नहीं, बल्कि प्रत्येक जीव के लिए आध्यात्मिक जागरण और मुक्ति का संदेश है। जिस प्रकार भगवान श्रीकृष्ण ने कारागार में प्रकट होकर देवकी-वसुदेव को बंधन से मुक्ति का मार्ग दिखाया, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने भीतर के अज्ञान, अहंकार, मोह और विकार रूपी कारागार से बाहर निकलना चाहिए। भगवान का नाम-स्मरण, भक्ति, प्रेम और समर्पण ही जीवन को वास्तविक आनंद एवं शांति प्रदान करते हैं। जो भक्त सच्चे हृदय से भगवान की शरण ग्रहण करता है, उसके जीवन के बंधन कट जाते हैं और उसका कल्याण होता है।

उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं हमें निष्कपट प्रेम, सरलता, वात्सल्य और आनंदपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देती हैं। भगवान श्रीकृष्ण का संपूर्ण जीवन धर्म, कर्म, करुणा और लोककल्याण का अनुपम संदेश है।
इस अवसर पर बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं आसपास के गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विशेष रूप से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विभय कुमार झा, भाजपा नेता प्रमोद सिंह, प्रो. फूल बाबू, जितेंद्र झा बाबा की उपस्थिति रही। सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सहभागी बनकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
कथा के समापन के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। संपूर्ण परिसर देर तक भक्ति, उल्लास और श्रीकृष्ण के जयघोष से गुंजायमान रहा।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!