
MADHUBANI:- दैनिक सफाई कर्मियों के आंदोलन को समर्थन का ऐलान, 29 जुलाई निकाली जाएगी मशाल जुलूस: राजीव राय
मधुबनी- 25 जुलाई। नगर निकाय सहित कई विभागों में संविदा, आउटसोर्सिंग, ठेकेदारी व्यवस्था के तहत कार्य करने वाले श्रमिकों की 29 जुलाई को मधुबनी नगर निगम सहित जिले के अन्य नगर निकाय क्षेत्र में मशाल जुलूस का नैतिक समर्थन दिया जाएगा। उक्त बातें श्रमिक संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष राजीव कुमार राय ने कहीं। उन्होंने कहा कि मशाल जुलूस के बाद सरकार द्वारा श्रमिकों के मांगों को पूरा नहीं होने के पर श्रमिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
मधुबनी जिला सहित राज्य के विभिन्न निकायों में करीब 17 वर्षों से लगभग 35 हजार दैनिक सफाई कर्मी शहरों, नालों की सफाई सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। जिसमें करीब 80 प्रतिशत कर्मी दलित, महादलित वर्ग से आते हैं, जिनकी सामाजिक, आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है। बावजूद उनकी सेवाओं का नियमित करने के दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चतुर्थवर्गीय पदों को समाप्त कर दिया गया, लेकिन वर्षों से कार्यरत इन कर्मियों के भविष्य के संबंध में कोई नीति निर्धारित नहीं की गई, जिससे आज भी अस्थायी स्थिति में कार्य करने को विवश हैं।
दैनिक वेतनभोगी कर्मियों को हटाये जाने, आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कार्य करने हेतु बाध्य किये जाने की शिकायत बढ़ गई है। कई निकायों में बिना स्वीकृति, बिना पारदर्शी प्रक्रिया के मानवबल की नियुक्ति की जा रही है, जिसकी उच्चस्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संविधान में गरीब मजदूरों को मिले अधिकार की रक्षा के लिए आज भी संघर्ष करना पड़ रहा है। मजदूरों के लिए सरकार द्वारा लागू किए गए लाभकारी योजनाओं के लाभ के लिए संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखना होगा। महंगाई, बेराजगारी व भ्रष्टाचार के विरूद्ध लडाई लड़ना होगा। श्रमिकों ने अधिकार की लड़ाई को लेकर निरंतर संघर्ष किया जा रहा है।
सरकार संविदा, ठेका प्रथा को लागू कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। श्रमिकों का शोषण कर उनके अधिकार का हनन कर रही है। बिहार के विभिन्न नगर निकायों में कार्यरत संविदा दैनिक वेतनभोगी और एनजीओ कर्मियों की समस्याएं लगातार गंभीर होती जा रही है। कर्मियों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा अब तक कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।



