
MADHUBANI:- सर्वसीमा में विवाहिता की हत्या मामले का खुलासा, एक गिरफ्तार, 1 बालक निरुद्ध
मधुबनी- 21 अक्टूबर। भैरवस्थान थाना क्षेत्र के सर्वसीमा गांव में बाइक किस्त और पूर्व रंजिश को लेकर विवाहिता की चाकू मारकर हत्या के मामले का मधुबनी पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, घटना 19 अक्टूबर की रात करीब 9:45 बजे की है। सर्वसीमा गांव में पड़ोस के युवकों ने विवाहिता काजल कुमारी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
सूचना मिलते ही भैरवस्थान थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को रामशिला अस्पताल, सकरी भेजा, जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेजा गया। मृतिका की मां के आवेदन पर भैरवस्थान थाना में मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण SDPO झंझारपुर और FSL टीम ने किया।
दिल्ली भागने की फिराक में थे, नरवार IB चौक से दबोचे गए—
पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि घटना में शामिल अभियुक्त दिल्ली भागने की तैयारी में हैं। सूचना पर त्वरित घेराबंदी और छापेमारी कर प्राथमिकी दर्ज होने के महज 3 घंटे के भीतर पुलिस ने नरवार IB चौक से दोनों को पकड़ लिया। इसमें एक अभियुक्त जतिन चौधरी उर्फ विपुल सर्वसीमा, थाना भैरवस्थान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और एक मोबाइल बरामद किया गया है। पुलिस अग्रिम विधि-सम्मत कार्रवाई कर रही है।



