
MADHUBANI: प्रकृति ही सबसे बड़ी चिकित्सक है, प्राकृतिक चिकित्सा अपनाएं: महेश चन्द्र झा
मधुबनी, 18 नवंबर। राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर बुधवार को शहर के पं. विनोदानंद झा कॉलोनी में एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। मानव समृद्धि संस्थान की ओर से आयोजित इस परिचर्चा की अध्यक्षता संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष महेश चन्द्र झा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। परिचर्चा को संबोधित करते हुए महेश चन्द्र झा ने कहा कि आज मनुष्य प्रकृति से दूर होता जा रहा है। यही उसकी बीमारियों की सबसे बड़ी जड़ है। उन्होंने कहा कि पहले लोग मिट्टी, पानी, धूप, हवा और खान-पान से ही स्वस्थ रहते थे, लेकिन आज हम दवाओं पर निर्भर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रकृति ही सबसे बड़ी चिकित्सक है। अगर हम अपनी दिनचर्या को प्रकृति के अनुसार ढाल लें तो हमें अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। प्राकृतिक चिकित्सा कोई नया प्रयोग नहीं है, यह हमारी हजारों साल पुरानी परंपरा है, जिसे महात्मा गांधी ने भी अपनाया और प्रचारित किया।
महेश चन्द्र झा ने कहा कि 18 नवंबर 1945 को महात्मा गांधी ने ऑल इंडिया नेचर क्योर फाउंडेशन ट्रस्ट की ट्रस्ट डीड पर हस्ताक्षर किए थे। उसी की याद में पूरे देश में आज का दिन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के रूप में मनाया जाता है। गांधी जी का मानना था कि शरीर में ही रोगों से लड़ने की शक्ति है, बस उसे सही खान-पान और संयम से जगाने की जरूरत है। महेश चन्द्र झा ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा का अर्थ केवल मिट्टी की पट्टी या भाप लेना नहीं है, बल्कि यह एक पूरी जीवनशैली है। उन्होंने लोगों को पांच सूत्र अपनाने की सलाह दी।
सुबह जल्दी उठकर गुनगुना पानी पीना,.रोज कम से कम 30 मिनट टहलना, योग और प्राणायाम करना,.मौसमी फल, हरी सब्जी और अंकुरित अनाज खाना, तली-भुनी चीजों, जंक फूड और नशे से दूरी बनाना तथा.समय पर सोना और मोबाइल से दूरी बनाना।
उन्होंने कहा कि अगर लोग केवल इन्हीं बातों को अपना लें तो ब्लड प्रेशर, शुगर, गैस, कब्ज, मोटापा और मानसिक तनाव जैसी बीमारियों से काफी हद तक बच सकते हैं।
महेश चन्द्र झा ने चिंता जताते हुए कहा कि आज के बच्चे और युवा मोबाइल, फास्ट फूड और देर रात जागने की आदत के कारण कम उम्र में ही बीमार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों में प्राकृतिक चिकित्सा और योग के प्रति जागरूकता अभियान चलाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मानव समृद्धि संस्थान इसी उद्देश्य से काम कर रहा है कि लोग दवा पर नहीं, बल्कि प्रकृति पर भरोसा करना सीखें। स्वस्थ शरीर ही समृद्ध समाज की नींव है। अगर मधुबनी का हर परिवार स्वस्थ होगा तो पूरा जिला समृद्ध होगा।
परिचर्चा में पं. ऋषिनाथ झा, मोहन झा, श्याम कुमार, भोला मंडल, सुरेन्द्र दास, दिलीप सिंह, शैलेन्द्र झा सहित अन्य लोगों ने प्राकृतिक चिकित्सा को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।



