
MADHUBANI:- चकदह में सरकारी भवन पर कब्जे का खेल, छत ध्वस्त, ईंट-राड गायब, आक्रोश
मधुबनी, 18 नवंबर। नगर निगम के वार्ड 21 में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और पुराने ट्रेनिंग स्कूल भवन को तोड़े जाने का मामला गरमा गया है। चकदह स्थित गुलटेनी पोखर के सामने, मस्जिद के पास बने एक सरकारी भवन को लेकर अब स्थानीय लोगों में आक्रोश है।आरोप है कि शिक्षा विभाग की जमीन पर अनेकों लोगों ने कब्जा कर मकान बना लिया है, लेकिन विभाग वर्षों तक आंख मूंदे बैठा रहा।
जानकारी के मुताबिक चकदह गुलटेनी पोखर के पश्चिमी भिंडा पर स्थित यह भवन इलाके में ट्रेनिंग स्कूल के नाम से प्रसिद्ध रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह भवन और इससे सटी जमीन शिक्षा विभाग की संपत्ति है। नियम के अनुसार विभाग को इसकी घेराबंदी करानी चाहिए थी और अतिक्रमण पर रोक लगानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। विभाग की उदासीनता का फायदा उठाकर धीरे-धीरे पूरी जमीन पर कब्जा होता चला गया। अब भवन तोड़े जाने की घटना को भी इसी अतिक्रमण की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विभाग ने समय रहते सख्ती दिखाई होती तो आज न 50 घर बनते और न ही सरकारी भवन तोड़ने की नौबत आती। हैरानी की बात यह है कि इस भवन से सटे राजकीय प्राथमिक मकतब में रोज पढ़ाई होती है। इसके बावजूद मकतब प्रशासन ने कभी अपनी जमीन बचाने के लिए विभाग को लिखित शिकायत तक नहीं दी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकतब की जमीन भी अतिक्रमण की चपेट में है। बगल में भवन टूटता रहा और जमीन पर कब्जा होता रहा, लेकिन मकतब प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। जब जमीन के संरक्षक ही चुप रहेंगे तो अतिक्रमणकारियों के हौसले तो बुलंद होंगे ही।
बता दें कि मंगलवार को भवन तोड़े जाने की शिकायत मिलने पर राजस्व कर्मचारी और नगर निगम के अमीन मौके पर पहुंचे। उन्होंने कई बिंदुओं पर जांच शुरू की है। जमीन का खाता, खेसरा और कुल रकबा कितना है। ट्रेनिंग स्कूल भवन का सरकारी रिकॉर्ड क्या है।
भवन कब बना और किस विभाग के अधीन है। भवन को किसने और किसके इशारे पर तोड़ा गया। शिक्षा विभाग की जमीन पर कुल कितने लोगों का कब्जा है। जांच का विषय है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई तय होगी।



