
तेलंगाना में जाली प्रमाणपत्रों पर व्याख्याता बहाली में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा, मधुबनी में 17 अभ्यर्थियों पर प्राथमिकी दर्ज
R.K कॉलेज मधुबनी के प्राचार्य,पुलिस अधीक्षक,एसडीपीओ,थानाध्यक्ष के फर्जी दस्तखत व मुहर मिले
मधुबनी- 25 जुलाई। तेलंगाना में व्याख्याता की बहाली में बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ हुआ है। वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार के निर्देश पर हुए जांच में 17 अभ्यर्थियों के पीजी के प्रमाणपत्र फर्जी पाए गए हैं। प्रमाणपत्र आरके कॉलेज मधुबनी के नाम से निर्गत हुए थे। बहाली के लिए न केवल फर्जी प्रमाणपत्र लगाए गए, बल्कि सत्यापन में भी फर्जीवाड़ा किया गया। व
रीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने अपने बयान पर सभी अभ्यर्थियों के खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। इसमें फर्जीवाड़ा में शामिल अन्य अज्ञात लोगों को भी शामिल किया गया है। प्राथमिकी में आरोपितों पर नगर थानाध्यक्ष,अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय,वरीय पुलिस अधीक्षक एवं आरके कालेज मधुबनी के प्राचार्य का फर्जी हस्ताक्षर एवं मुहर का प्रयोग कर फर्जी प्रमाणपत्र को असली बताकर अपर पुलिस महानिदेशक तेलंगाना को स्पीड पोस्ट से सत्यापन प्रतिवेदन भेजने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार तेलंगाना में 17 अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र आरके कॉलेज मधुबनी का पाए जाने पर जांच शुरू हुई थी। विशेष शाखा पटना के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि ने प्रमाण-पत्रों का सत्यापन किया, तो पता चला सरकारी स्तर पर सत्यापन से पूर्व ही फर्जीवाड़ा गिरोह ने गलत सत्यापन रिपोर्ट तेलंगाना के डीजीपी को भेज दिया।
वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक रश्मि के जांच प्रतिवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नगर थानाध्यक्ष को पत्र जारी किया था। सत्यापन में आरके कालेज के प्राचार्य,पुलिस अधीक्षक,एसडीपीओ,थानाध्यक्ष के फर्जी दस्तखत व मुहर मिले। फर्जीवाड़े में स्थानीय लोगों के शामिल होने की भी आशंका है। वहीं नगर थाना मधुबनी में 17 अभ्यर्थियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें राजाबाबूवंगा श्रीनिवास, वुन्द्राल्ला किशन पी चैतन्य,लयागला परशरामुला, गुदला महथा,पातुर श्रीनिवास, बन्दारी रमेश,मीसा शंकराय पय्यावुला तिरुपाठी,शेट्टी कृष्णा,अन्नामेनी राजू,न्याराम बालामल्लाय, चेन्नाबोइना नरेंद्र,कालेरी अनुसुइया,सिरगा रविन्द्र एवं जिम्मीगारी रविंधर राव शामिल हैं, उक्त सभी तेलंगाना के निवासी हैं।
ईधर वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि तेलंगाना में व्याख्याता पद पर नियुक्ति में आरके कालेज मधुबनी को असली बताकर अधिकारियों के गलत हस्ताक्षर एवं मुहर का प्रयोग कर सत्यापन करने वाले संगठित गिरोह पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



