
नवरात्र पर जानकी फिल्म्स का मैथिली वीडियो अलबम रिलीज, ‘मैया मैसेज दिय’ बना दर्शकों की पसंद
नवरात्र के अवसर पर जानकी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड, मधुबनी की ओर से मैथिली वीडियो अलबम ‘मैया मैसेज दिय’ रिलीज किया गया। रिलीज के कुछ देर बाद ही यह अलबम दर्शकों की पसंद बन गया। राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त गीतकार अजित आजाद लिखित इस भगवती गीत को स्वर दिया है भीमनाथ झा ने, जबकि संगीतबद्ध किया है आलोक झा ने। वीडियो को डिजिटल एआई तकनीक से सजाया है अरशद आलम ने।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जानकी फिल्म्स के निदेशक सुनील कुमार झा ने कहा कि जानकी फिल्म्स मैथिली में स्वस्थ मनोरंजन पेश करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसी कड़ी में यह भक्तिमय अलबम रिलीज किया गया है। उन्हें आशा है कि दर्शक इसे हाथोंहाथ लेंगे। कार्यक्रम में कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और जानकी फिल्म्स के इस प्रयास की सराहना की।
गौरतलब है कि जानकी फिल्म्स की ओर से अब तक कई मैथिली फिल्मों, वेब सीरीज और वीडियो अलबम का निर्माण किया गया है। चर्चित मैथिली फिल्म ‘बबितिया’ और ‘विद्यापति’ का निर्माण भी इसी बैनर तले किया गया है।



