
11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस, पर बिहार में बेटियों की प्रोत्साहन राशि अब तक अधूरी: विजय कुमार
मधुबनी – 05 अक्टूबर। 11 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस मनाया जाएगा, लेकिन बिहार में बेटियों के लिए यह दिन केवल औपचारिकता बनकर रह गया है। पिछले सत्र में स्नातक (बीए) प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को मिलने वाली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का भुगतान अब तक नहीं हो सका है।
हजारों छात्राएं पोर्टल, कॉलेज और कार्यालयों के चक्कर काट रही हैं। इस मुद्दे पर फुलपरास के पूर्व प्रत्याशी व RJV राष्ट्रीय जन विकास पार्टी (प्रस्तावित) के संस्थापक विजय कुमार ने सरकार पर सवाल उठाया है।
विजय कुमार ने कहा कि एक तरफ सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और बालिका दिवस पर बड़े-बड़े कार्यक्रम करती है, वहीं उच्च शिक्षा में अव्वल आने वाली बेटियों को उनका हक तक नहीं दे पा रही है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत स्नातक पास प्रथम श्रेणी की छात्राओं को 50 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है। पिछले सत्र की हजारों छात्राओं का आवेदन स्वीकृत होने के बाद भी राशि खाते में नहीं आई। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
विजय कुमार ने मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस से पहले सभी लंबित आवेदनों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस दिवस का सही मायने में सम्मान हो सके। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से भी अपील की है कि इस मामले में तेजी लाई जाए। ताकि छात्राओं का लंबित राशि का भुगतान हो सके।



