
बिहार में नकली दवाओं पर लगेगा लगाम, पटना में बनेगी हाईटेक ड्रग टेस्टिंग लैब और ADF फैसिलिटी
पटना- 02 सितंबर। बिहार में दवाओं की गुणवत्ता को लेकर सरकार अब सख्त हो गई है। पटना में जल्द ही एक अत्याधुनिक ड्रग टेस्टिंग लेबोरेटरी और एनालिटिकल डेवलपमेंट फैसिलिटी (ADF) की स्थापना होने जा रही है। इसको लेकर सोमवार 1 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि और NIPER हाजीपुर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि यह पहल बिहार में दवा गुणवत्ता नियंत्रण और फार्मास्युटिकल रिसर्च को नई दिशा देगी। बिहार को फार्मा क्वालिटी और इनोवेशन का हब बनाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
बिहार में बनने वाली और बिकने वाली दवाओं की गुणवत्ता की जांच यहीं होगी। नकली और घटिया दवाओं पर रोक लगेगी। नई दवाओं के फॉर्मूलेशन, रिसर्च और क्वालिटी कंट्रोल में मदद मिलेगी। फार्मा उद्योग, स्टार्टअप, शोधकर्ताओं और कॉलेजों को हाईटेक टेस्टिंग सुविधा मिलेगी।
सरकार NIPER हाजीपुर की विशेषज्ञता का उपयोग करेगी। फार्मेसी छात्रों, फार्मा कंपनियों के पेशेवरों और टेक्निकल स्टाफ के लिए स्किल डेवलपमेंट, नर्सिंग और फार्मेसी में विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे। लैब डेवलपमेंट, एक्रिडिटेशन और NIPER के विस्तार पर भी चर्चा हुई।



