
DRM का औचक निरीक्षण, मधुबनी स्टेशन पर हड़कंप: गंदगी पर कर्मचारियों को फटकार, बोले- महानगरों जैसा बनेगा मधुबनी स्टेशन
मधुबनी- 24 अक्टूबर। मधुबनी रेलवे स्टेशन को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में रेलवे ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति कुमार मिश्रा ने शनिवार को मधुबनी रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले निर्माणाधीन नए प्लेटफॉर्म के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और यात्रियों की सुविधा से जुड़े पहलुओं पर जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने स्टेशन परिसर में स्थित विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली। व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर डीआरएम ने कई रेलवे कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रेलवे परिसर में साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीआरएम ने कहा कि मधुबनी रेलवे स्टेशन को भी महानगरों के रेलवे स्टेशनों की तरह आधुनिक और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है।



