
पटना में बोले कांग्रेस अध्यक्ष खरगे, कहा- भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेंगे कि मंदिर के चढ़ावे और वोट चोरी करने वालों को सद्बुद्धि दें तथा दंडित करें
पटना, 25 अक्टूबर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। खरगे ने कहा कि विभिन्न राज्यों में कथित वोट चोरी के माध्यम से सरकारें बनाई जा रही हैं। राहुल गांधी ने कई महीने पहले चुनावी अनियमितताओं को लेकर जो सवाल उठाए थे, वे अब सामने आ रहे हैं। उक्त बातें मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पटना के बापू सभागार में बिहार कांग्रेस की ओर से आयोजित बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।
खरगे ने आरोप लगाया कि दो चुनाव आयुक्तों ने 14 बार पत्र लिखकर ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
खरगे ने कहा कि वह भगवान श्रीराम से प्रार्थना करेंगे कि मंदिर के चढ़ावे और वोट चोरी करने वालों को सद्बुद्धि दें तथा दंडित करें। भाजपा से सवाल किया कि विदेशों से काला धन वापस लाने, किसानों की आय दोगुनी करने और हर वर्ष दो करोड़ नौकरियां देने के वादों का क्या हुआ। आरोप लगाया कि जब सरकार से इन मुद्दों पर जवाब मांगा जाता है, तो भाजपा राहुल गांधी का नाम लेकर ध्यान भटकाती है।



