
BIHAR:- सुपौल में प्रेम विवाह के नौ महीने बाद विवाहिता की जलकर मौत, पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
सुपौल, 25 अक्टूबर। जिले में प्रेम विवाह के करीब नौ महीने बाद एक विवाहिता की जलने से मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गड़ौल निवासी राजकुमार मंडल की बेटी दमनी देवी के रूप में हुई है।
मृतका के परिजनों ने सुपौल के भपटियाही थाना क्षेत्र निवासी बिंदु साह के पुत्र संजीव कुमार साह पर अपनी पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, संजीव कुमार साह और दमनी देवी के बीच करीब नौ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध बना था। इसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। परिजनों के अनुसार शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। झगड़े से नाराज होकर दमनी अपने मायके चली गई थी और दोनों तलाक लेने पर राजी हो गए थे।
आरोप है कि संजीव ने तलाक के कागजात पर हस्ताक्षर करवाने के बहाने दमनी को सुपौल बुलाया था। घर ले जाने से पहले वह उसे लालमनपट्टी नहर के पास एक सुनसान जगह पर ले गया और उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसने के बाद दमनी किसी तरह भागकर लालमनपट्टी पहुंची, जहां से एंबुलेंस की मदद से उसे सुपौल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



