
PM के जन्मदिन पर दीया नहीं जलाने पर मुजफ्फरपुर शिक्षकों से स्पष्टीकरण, कांग्रेस ने बताया ‘सत्ता की चापलूसी
पटना/मुजफ्फरपुर, 19 सितंबर। मुजफ्फरपुर के साहेबगंज प्रखंड स्थित राजकीयकृत दिनेश्वर उच्चतर माध्यमिक (+2) विद्यालय के एक मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। दरअसल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर विद्यालय में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित था। आरोप है कि इसमें शामिल नहीं होने और समय से पहले विद्यालय छोड़ने को लेकर प्रभारी प्रधानाध्यापक ने 6 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है और इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से दी है।

इसी पत्र को लेकर बिहार कांग्रेस ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस ने पोस्ट में लिखा है – “शिक्षकों से शिक्षा नहीं, सत्ता की चापलूसी करवाने में जुटी है BJP सरकार!
PM मोदी के जन्मदिन पर दीप नहीं जलाने वाले शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस दिया गया है, यह शिक्षा व्यवस्था का मज़ाक और सरकारी तंत्र का राजनीतिकरण है।
” वहीं, विद्यालय प्रशासन के पत्र के अनुसार, कार्रवाई का कारण दीया नहीं जलाना नहीं, बल्कि जिला शिक्षा पदाधिकारी के आदेश के तहत शाम 6 बजे तक सभी शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य थी, जिसका 6 शिक्षकों ने उल्लंघन किया। फिलहाल इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
बतादें कि साहेबगंज प्रखंड के राजेपुर लखना स्थित पीएम श्री राजकीयकृत दिनेश्वर उच्चतर माध्यमिक (+2) विद्यालय के 6 शिक्षकों द्वारा विभागीय आदेश की अवहेलना की बाद बताई जा रही है। प्राचार्य प्रभारी द्वारा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, साहेबगंज को लिखे पत्र में बताया गया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के पत्र के अनुपालन में सभी शिक्षकों की उपस्थिति 17 सितंबर को 6 बजे सांय तक अनिवार्य की गई थी। लेकिन विद्यालय के कुछ शिक्षकों द्वारा स्वेच्छाचारिता दिखाते हुए उक्त अधिकारी के आदेश की अवहेलना करते हुए समय से पूर्व ही विद्यालय छोड़ दिया गया। इसकी पुष्टि के लिए ई-शिक्षा कोष पर दैनिक उपस्थिति की छाया प्रति भी संलग्न की गई है। आदेश की अवहेलना करने वाले शिक्षकों के नाम रंजीत कुमार, मधु प्रिया, अमित कुमार, अंजलि कुमारी, भूपेंद्र पासवान, वेद प्रकाश हैं। प्रभारी प्रधानाध्यापक ने इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिलिपि DEO कार्यालय, मुजफ्फरपुर को भी भेजी है।



