
MADHUBANI:- नगर निगम की लापरवाही से पं. विनोदानंद कॉलोनी में जलजमाव, सड़क बनी तालाब – लोगों का चलना दूभर
मधुबनी- 31 अक्टूबर। नगर निगम क्षेत्र के पं. विनोदानंद कॉलोनी की मुख्य सड़क पर जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि पूरी सड़क पर घुटने भर तक पानी भरा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई हो रही है।
साइकिल से लेकर पैदल चलना भी मुश्किल—
थोड़ी सी बारिश के बाद ही कॉलोनी की सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। नाली जाम होने और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी कई दिनों तक सड़क पर जमा रहता है। कॉलोनी के प्रो. शैलेन्द्र कुमार झा का कहना है कि जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल जाने, महिलाओं को बाजार जाने और बुजुर्गों को घर से निकलने में परेशानी होती है। गंदा पानी घरों के सामने जमा होने से बीमारी फैलने का भी डर बना रहता है। साइकिल सवार युवक जैसे-तैसे पानी से होकर गुजर रहा है, जबकि महिलाएं किनारे-किनारे पैदल चलने को मजबूर हैं।
नगर निगम पर उठ रहे सवाल—
कॉलोनी के महेश चन्द्र झा ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षद और नगर निगम प्रशासन से शिकायत की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। हर बार सिर्फ आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। कॉलोनी वासियों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि जल्द से जल्द नालों की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से छुटकारा मिल सके।



