
मधुबनी में बेसहारा बुजुर्गों को मिलेगा सहारा, मां रुक्मणी वृद्धाश्रम का भूमिपूजन संपन्न
मधुबनी, 30 अक्टूबर। जिले के बेसहारा और उपेक्षित बुजुर्गों के लिए एक नई उम्मीद की शुरुआत हुई है। कलुआही प्रखंड के हरिपुर बरखी टोल में 50 बेड वाले माँ रुक्मणी वृद्धाश्रम का भूमिपूजन शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
हरिपुर स्थित मनसा देवी मंदिर परिसर के निकट प्रस्तावित इस वृद्धाश्रम का भूमिपूजन ट्रस्ट के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।
माँ रुक्मणी वृद्धाश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष मोद नारायण झा, सचिव मनीष मिश्रा, जयचन्द्र झा, विनोद झा और गोपाल मिश्रा ने बताया कि भूमिपूजन के साथ ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह वृद्धाश्रम पूरी तरह सेवा भाव से संचालित होगा। यहां रहने वाले बुजुर्गों के लिए भोजन, आवास, स्वास्थ्य जांच, दवा, वस्त्र और मनोरंजन की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क रहेंगी। बुजुर्गों की देखभाल के लिए 24 घंटे सेवाकर्मी तैनात रहेंगे।
अध्यक्ष मोद नारायण झा ने कहा, आज कई बुजुर्ग अपने ही घर में उपेक्षित हैं। हमारा प्रयास है कि उन्हें यहां सम्मान, सुरक्षा और अपनापन मिले। यह आश्रम उन्हीं के लिए समर्पित है। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समाजसेवी और बुजुर्ग मौजूद रहे।



