NIA ने अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को किया गिरफ्तार, मुजफ्फरपुर AK-47 बरामदगी मामले से जुड़ा है केस
वैशाली/पटना, 30 अक्टूबर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटना हाईकोर्ट के अधिवक्ता संदीप कुमार सिन्हा को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मुजफ्फरपुर में हुई AK-47 बरामदगी के मामले में की गई है।
सूत्रों के अनुसार NIA की टीम ने अधिवक्ता को वैशाली स्थित उनके आवास से हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि यह मामला मुजफ्फरपुर में पहले पकड़े गए हथियार तस्करी गिरोह से जुड़ा है, जिसमें AK-47 बरामद हुई थी। उसी केस की जांच के दौरान अधिवक्ता का नाम सामने आया था।
वहीं, इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने NIA की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि संदीप कुमार सिन्हा पटना हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। उनका किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है। परिजनों ने आरोप लगाया कि बिना ठोस सबूत के उन्हें फंसाया जा रहा है।
फिलहाल NIA की ओर से गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिवक्ता को आज NIA की विशेष अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।



