
मधुबनी नगर निगम कार्यालय का घेराव, 03 नवंबर से हड़ताल पर जाएंगे सफाई कर्मी
मधुबनी, 30 अक्टूबर। बिहार लोकल बॉडीज इम्पलॉईज फेडरेशन एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर को मधुबनी नगर निगम कार्यालय का घेराव किया गया।
नगर निगम आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी संघ के महामंत्री बब्लू राम ने बताया कि 30 अक्टूबर को घेराव के बाद 3 नवंबर से पुनः हड़ताल पर जाएंगे। पूर्व में 8 दिवसीय हड़ताल की समाप्ति के दौरान मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग की उपस्थिति में हुए समझौते का अब तक पालन नहीं हुआ है। घेराव के बाद नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई लिखित आश्वासन नहीं मिला है, ऐसे में
03 नवंबर से शहर की सफाई व्यवस्था ठप होगी।
क्या हैं 11 प्रमुख मांगें –
1. कर्मियों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित मासिक बैठक।
2. 30 जुलाई से 06 अगस्त 2026 तक हुई 8 दिवसीय हड़ताल अवधि को उपस्थिति मानते हुए वेतन भुगतान और कटी हुई राशि की वापसी, साथ ही दंडात्मक कार्रवाई वापस लेना।
3. कर्मियों का अद्यतन विवरण विभाग को भेजना ताकि नीतिगत निर्णय में देरी न हो।
4. दैनिक एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन हर माह तय समय पर देना।
5. वेतन से कटी PF एवं ESI राशि को समय पर जमा करना और बकाया राशि की जांच कर जमा कराना, साथ ही अवैध वसूली की जांच।
6. अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों का निपटारा।
7. NPS में स्थानीय निकाय के अंशदान को 10% से बढ़ाकर 14% करना।
8. बकाया पेंशन एवं वेतनांतर का अविलंब भुगतान।
9. दैनिक एवं संविदा कर्मियों के सेवा अभिलेखों का संधारण।
10. मृत एवं सेवानिवृत्त दैनिक कर्मियों के PF/ESI दावों का निपटारा।
11. 3 वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थापित कर्मियों का स्थानांतरण और वार्ड स्तर पर प्रशासनिक निष्पक्षता।



