
PM मोदी ने बनासकांठा को दी 14 हजार करोड़ से अधिक की सौगात, किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी
डीसा/अहमदाबाद, 30 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के पहले दिन बनासकांठा जिले के भीलड़ी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने रोड शो किया और पशुपालक महिलाओं से संवाद भी किया। प्रधानमंत्री ने इसी मंच से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के किसानों के खातों में करीब 19 हजार करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।
127 एकड़ में बने पशु अनुसंधान केंद्र का लोकार्पण—
प्रधानमंत्री ने 127 एकड़ में विकसित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) राष्ट्र को समर्पित किया। इस आधुनिक केंद्र में गाय-भैंसों की नस्ल सुधार, आनुवंशिक विकास और आधुनिक प्रजनन तकनीकों पर काम होगा। इसका उद्देश्य नस्ल सुधार की प्रक्रिया को 10 से 20 गुना तक तेज करना है। यह केंद्र विशेष रूप से कांकरेज नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री ने केंद्र में स्थापित आधुनिक ईटी-आईवीएफ प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।बनासकांठा सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों, पशुपालक महिलाओं और स्थानीय युवाओं से बातचीत की।
दो बायो-सीएनजी संयंत्रों का शिलान्यास—
बनास डेयरी की ओर से थराद और राधनपुर में बनने वाले दो बायो-सीएनजी संयंत्रों का शिलान्यास भी किया गया। इनमें प्रतिदिन क्रमशः 75 और 100 मीट्रिक टन गोबर का प्रसंस्करण होगा। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और पशुपालकों को गोबर का उचित मूल्य मिलेगा।
आलू किसानों को मिलेगा लाभ—
कार्यक्रम में आलू प्रसंस्करण से जुड़ी एकीकृत परियोजना पर भी जोर दिया गया। प्रमाणित बीज से लेकर प्रसंस्करण तक की पूरी प्रक्रिया को जोड़ा गया है। प्रसंस्करण के दौरान निकलने वाले कचरे से बायोगैस और अवशेष से जैविक खाद बनाई जाएगी।
प्रधानमंत्री ने अपने गुजरात दौरे में 14 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया और दो नई यात्री ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भीलड़ी में हुई यह विशाल खाटला सभा दुनिया की सबसे बड़ी सभा है। यह गिनीज रिकॉर्ड के समान है। प्रधानमंत्री 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।



