
MADHUBANI: शहर के कदम चौक स्थित ढोढाई तालाब घाट से अतिक्रमण हटाया गया, आधा दर्जन घर-दुकान ध्वस्त
मधुबनी- 10 नवंबर। नगर निगम क्षेत्र के कदम चौक स्थित ढोढाई तालाब घाट से मंगलवार को अतिक्रमण हटाया गया। नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने जेसीबी की मदद से तालाब घाट पर किए गए अतिक्रमण को खाली कराया।
कार्रवाई के दौरान तालाब की जमीन पर बने करीब आधा दर्जन घर और दुकान को हटाया गया। अतिक्रमण हटाते ही तालाब घाट का काफी हिस्सा खाली हो गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। नगर निगम के कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय थाना की पुलिस भी मौजूद रही।
नगर आयुक्त उमेश कुमार भारती ने कहा कि ढोढाई तालाब सार्वजनिक संपत्ति है। लंबे समय से घाट पर अतिक्रमण कर घर-दुकान बना लिए गए थे। इससे तालाब के सौंदर्यीकरण और छठ जैसे पर्वों में लोगों को परेशानी होती थी। नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर आज कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में तालाब, सड़क और सरकारी जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान कदम चौक पर लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने कार्रवाई को जायज बताते हुए कहा कि शहर के अन्य तालाबों से भी अतिक्रमण खाली किया जाना चाहिए।



