
BIHAR:- रोहतास में निगरानी की अलग-अलग दो कार्रवाई, सासाराम CO समेत 3 गिरफ्तार
रोहतास- 22 मई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रोहतास जिले में शुक्रवार को दो अलग-अलग बड़ी कार्रवाई करते हुए सासाराम अंचलाधिकारी आकाश कुमार रौनियार, उनके सहयोगी सोनू कुमार के अलावा सदर अस्पताल सासाराम में कार्यरत एक कर्मी सतीश कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सासाराम सीओ को मोरसराय स्थित निजी आवास से उसके सहयोगी के माध्यम से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि एक मामले के सेटलमेंट के लिए कुल छह लाख रुपये में डील तय हुई थी। जैसे ही सहयोगी के हाथों रिश्वत की राशि ली गई, निगरानी टीम ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सदर अस्पताल के कर्मी सतीश कुमार को सिविल सर्जन कार्यालय के समीप मंदिर के पास 20 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। उक्त कर्मी बाइक से वहां पहुंचे थे और शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ले रहे थे, तभी टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। कल तीनों को निगरानी की अदालत में पेष किया जाएगा।



