
lakshyatak.in खबर का असर:- लोहट में अश्लील आर्केस्ट्रा मामले में पुलिस आयी हरकत में, FIR की कार्रवाई
मधुबनी – 19 अक्टूबर। जिला प्रशासन के प्रतिबंध को ठेंगा दिखाकर पंडौल प्रखंड के लोहट चीनी मिल परिसर में दुर्गा पूजा तमेले में चल रहे अश्लील आर्केस्ट्रा का मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद lakshyatak.in पर इस संबंध में 18 अक्टूबर को खबर प्रसारित हई थी। जिसके बाद मधुबनी पुलिस हरकत में आ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला सामने आते ही स्थानीय पुलिस आर्केस्ट्रा स्थल पर पहुंची और कार्यक्रम को तत्काल बंद कराकर मंच को खाली करा दिया। अब पुलिस द्वारा आयोजक के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और समुचित कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
क्या था मामला?
बिहार सरकार और मधुबनी DM-SSP के सख्त आदेश के बावजूद कि नवरात्र में कहीं भी आर्केस्ट्रा और अश्लील डांस नहीं होगा, लोहट चीनी मिल मेले में महा अष्टमी की शाम छह बजे से आर्केस्ट्रा शुरू कर दिया गया था। आरोप है कि हिंदी,भोजपुरी अश्लील गानों पर फूहड़ डांस कराया जा रहा था।
श्रद्धालुओं द्वारा इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालते ही मामला तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पूजा समिति के आयोजकों पर प्रशासनिक आदेश के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में आस्था के पर्व पर इस तरह की घटना न हो।



