
BIHAR: मधुबनी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला शातिर गिरफ्तार
मधुबनी-20 जुलाई। बाबुबरही थाना को नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रूपये की ठगी करने से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुआ। जिसमें पीड़ित मणिकांत चौधरी द्वारा विक्की कुमार झा, पे०- कृष्णकांत झा, सा०- बरदाहा, थाना- बाबूबरही पर संविदा के आधार पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 8 लाख रुपये की ठगी करने का गंभीर आरोप लगाया गया। थानाध्यक्ष, बाबूबरही थाना द्वारा उक्त घटना से वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी को अवगत कराया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक, मधुबनी के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम द्वारा वैज्ञानिक अनुसंधान एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर जांच करने पर यह खुलासा हुआ कि आरोपी विक्की कुमार झा एक शातिर ठग है, जो स्वयं को पदाधिकारी बताकर फर्जी जॉइनिंग लेटर जारी करने, प्रेम जाल में फंसाकर युवतियों का यौन शोषण करने एवं क्षेत्र के कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाने जैसे आपराधिक कृत्यों में संलिप्त रहा है। जांच के दौरान साक्ष्यों के पुख्ता होते ही, पुलिस टीम द्वारा त्वरित छापेमारी की गई और कुख्यात ठग विक्की कुमार झा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस द्वारा पूछताछ दौरान आरोपित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस संबंध में बाबूबरही थाना कांड संख्या-388/26, धारा-406/420/467/468/471/504/506 भा०द०वि० के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है तथा अग्रिम कानूनी कर्रवाई की जा रही हैं।



