
BIHAR:- लगातार बारिश से डूबा MADHUBANI शहर, जलजमाव से लोग त्रस्त, नगर निगम के दावे फेल
मधुबनी- 24 सितंबर। बुधवार की रात से गुरुवार की रात तक कभी तेज तो कभी रुक-रुककर हो रही बारिश शहर को डुबोने पर अमादा है। बारिश से शहर के कई इलाके जलजमाव से त्रस्त हैं। शहर की मुख्य सड़कों से लेकर गली-मुहल्लों तक पानी भरा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बारिश ने नगर निगम के जलनिकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
शहर की इस हालत पर लोग वार्ड प्रतिनिधियों को जमकर कोस रहे हैं। बता दें कि बारिश से शहर के जेएमडीपीएल महिला कॉलेज, बाटा चौक, सूडी स्कूल चौक, गांधी चौक से सप्ता चौक जाने वाली सड़क, पं. विनोदानंद झा कॉलोनी, आदर्श नगर कॉलोनी, बिजली कॉलोनी, कोर्ट परिसर सहित अन्य सड़कों पर जलजमाव से झील जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। शहर के कई जगहों पर नालों व वाटसन, किंग्स व राज केनाल की समुचित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। निचले इलाके के मोहल्लों की स्थिति और भी बदतर हो गई है। वहीं, वार्ड 21 में जलजमाव की समस्या विकराल बन गई है। भारी जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई पार्षदों ने बताया कि निगम क्षेत्र के कई मोहल्लों में घुटनों तक पानी भरा है। पिछले वर्ष भी जलजमाव की समस्या को लेकर कई मोहल्लों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था।
पार्षदों ने नगर आयुक्त से वार्डों में शीघ्र जलनिकासी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। बता दें कि शहर के कई हिस्सों में जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने का खामियाजा आम लोग भुगत रहे हैं। निचले इलाके आदर्श नगर कॉलोनी, विनोदानंद झा कॉलोनी के लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गए हैं। पूरे दिन बारिश, जलजमाव से लोग परेशान है।
पं. विनोदानंद झा कॉलोनी के प्रो. शैलेन्द्र कुमार झा सहित कई लोगों ने कहा कि निगम प्रशासन सालों से जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं कर पाया है। सिर्फ आश्वासन देकर समय काटा जा रहा है, नतीजा लोग जलजमाव झेल रहे हैं। इधर, नगर आयुक्त ने बताया कि शहर को जलजमाव से निपटने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।



