बिहार

केन्या के इक्विटी ग्रुप ने जाना बिहार का डिजिटल कृषि मॉडल, कृषि मंत्री विजय सिन्हा से की मुलाकात, खेतों का करेंगे भ्रमण

पटना- 24 सितंबर। बिहार में डिजिटल कृषि, किसान-केंद्रित सेवाओं एवं कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को समझने के उद्देश्य से केन्या के प्रतिष्ठित इक्विटी ग्रुप होल्डिंग्स के प्रतिनिधिमंडल ने आज कृषि भवन, पटना में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल के साथ माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बिहार में विकसित डिजिटल कृषि तंत्र, बिहार कृषि ऐप, किसानों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं, कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित विभिन्न पहलों के संबंध में प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई। बैठक में डिजिटल किसान सेवाएं, कृषि परामर्श, कृषि योजनाओं तक पहुंच, बाजार संपर्क, कृषि वित्त, किसान ऋण तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कृषि मंत्री ने कहा कि बिहार कृषि मोबाइल ऐप के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी विभिन्न सेवाओं, सूचनाओं एवं सुविधाओं से डिजिटल रूप से जोड़ा जा रहा है।

वहीं डिजिटल फसल सर्वेक्षण के माध्यम से खेतों में बोई गई फसलों की जानकारी को डिजिटल रूप से संकलित किया जा रहा है। फार्मर आईडी और किसान पंजीकरण जैसी पहलों से किसानों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि और वित्तीय समावेशन एक-दूसरे को मजबूती प्रदान कर सकते हैं। किसानों की पहचान, भूमि एवं कृषि से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप से व्यवस्थित होने से कृषि सेवाओं के साथ-साथ उपयुक्त वित्तीय सेवाओं और संस्थागत ऋण तक किसानों की पहुँच बेहतर बनाई जा सकती है।

इक्विटी ग्रुप का प्रतिनिधिमंडल बिहार में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और नवाचारों को जमीनी स्तर पर समझने के लिए कल क्षेत्र भ्रमण करेगा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों और पहलों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया जाएगा।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान बीज गुणन प्रक्षेत्र में बीज उत्पादन एवं गुणवत्ता, कृषि यंत्रीकरण के क्षेत्र में आधुनिक मशीनरी एवं तकनीक के उपयोग तथा किसानों तक कृषि यंत्रों की पहुंच के प्रयासों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को संस्थागत ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, बैंकिंग सेवाओं तथा अन्य वित्तीय सुविधाओं से जोड़ने के प्रयासों का भी अवलोकन कराया जाएगा।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, किसान पहचान, कृषि सलाह, कृषि निवेश सेवाओं, बाजार संपर्क तथा डिजिटल वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को समझने में विशेष रुचि दिखाई। बैठक में बिहार और केन्या के बीच कृषि क्षेत्र में तकनीकी अनुभवों, नवाचारों, कृषि वित्त, बाजार संपर्क और किसान-केंद्रित डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अनुभवों के आदान-प्रदान की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इस अवसर पर नाबार्ड, बिहार तथा भारतीय रिजर्व बैंक, पटना क्षेत्रीय कार्यालय के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था।

कृषि मंत्री ने इक्विटी ग्रुप होल्डिंग्स एवं माइक्रोसेव कंसल्टिंग के प्रतिनिधियों का बिहार आगमन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान से बिहार में डिजिटल कृषि, कृषि यंत्रीकरण, वित्तीय समावेशन और किसान-केंद्रित सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नई संभावनाएं विकसित होंगी।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!