क्राइम

BIHAR:- पटना में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपित का एनकाउंटर, मनेर थानाध्यक्ष जख्मी

परिजनों ने एनकाउंटर को बताया फर्जी, पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग

पटना- 06 नवंबर। बिहार के पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के तीन कथित आरोपित मारे गए। मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दोनों ओर से करीब 20 मिनट तक गोलीबारी हुई, जिसमें कुल 42 राउंड गोलियां चलीं।

पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय कुमार शर्मा ने शुक्रवार को मीडिया को बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे पटना एसटीएफ और जिला पुलिस को सूचना मिली थी कि मनेर के शेरपुर इलाके में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसटीएफ और मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

एसएसपी के मुताबिक, पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। करीब 20 मिनट तक चली मुठभेड़ में पुलिस की ओर से 18 और अपराधियों की ओर से 24 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार की बांह में गोली लग गई। गोली उनके बाजू को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।

एसएसपी ने बताया कि गोलीबारी थमने के बाद पुलिस टीम सतर्कता के साथ आगे बढ़ी और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मारे गए लोगों की पहचान जेपी यादव, बबलू यादव और सूरज कुमार के रूप में हुई है।

जेपी यादव के भाई ने एनकाउंटर को बताया फर्जी—

मुठभेड़ में मारे गए जेपी यादव के भाई राम आशीष यादव ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में उनके भाई सहित तीनों मृतक नामजद आरोपित नहीं थे। राम आशीष ने आरोप लगाया कि पुलिस ने गलत तरीके से कार्रवाई करते हुए उनके भाई की जान ले ली। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस-प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की भी मांग की है।

मुठभेड़ के बाद तीनों शवों को दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके परिजनों और अन्य लोगों ने हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों ने कथित तौर पर रिंकू माली की पिटाई कर दी। मुठभेड़ में मारे गए लोगों के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई से पहले रिंकू माली ही तीनों को उनके घर से अपने साथ ले गया था।

इधर, पटना के मनेर के अलावा भोजपुर जिले में भी शुक्रवार को पुलिस मुठभेड़ हुई। वहां सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर हत्याकांड के एक शूटर को गोली लगने की सूचना है। राज्य में एक ही दिन हुई दोनों मुठभेड़ों के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में राज्य की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!