
MADHUBANI:- मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर, दलों के साथ बैठक
मधुबनी, 6 नवंबर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रशांत शेखर ने पुनरीक्षण कार्यक्रम की पूरी जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा रहा है। मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 12 नवंबर 2026 को होगा। 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति लिए जाएंगे, 18 दिसंबर तक निराकरण होगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
जिले में पहले 31,09,890 मतदाता थे, जो अब बढ़कर 31,69,422 हो गए हैं। अब तक प्रपत्र-6 से 80,219 नए मतदाताओं का पंजीकरण और प्रपत्र-7 से 23,457 नामों का विलोपन किया गया है।
दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) की नियुक्ति शीघ्र करने और BLO के साथ समन्वय कर पात्र का नाम जोड़ने व अपात्र का नाम हटाने में सहयोग की अपील की गई।
21-22 नवंबर एवं 5-6 दिसंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस (कैंप) लगेगा, जहां पंजीकरण व दावा-आपत्ति की विशेष व्यवस्था रहेगी।
01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले तथा 1 अप्रैल, 1 जुलाई व 1 अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।



