
BIHAR:- सुपौल में दिनदहाड़े युवक का अपहरण, विरोध पर फायरिंग कर भागे अपराधी
सुपौल- 28 सितंबर।.सुपौल जिले के भीमपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े सशस्त्र अपराधियों ने एक युवक का अपहरण कर लिया और गोलियां चलाते हुए भाग निकले। घटना एनएच 91 पर बेलागंज गांव के समीप की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 20 वर्षीय मो. जिशान खान अपने पड़ोसी प्यारे खान के साथ बाइक से जीबछपुर गांव से अपने घर माधोपुर लौट रहा था। पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों गिर पड़े। इसी दौरान कार से उतरे नकाबपोश अपराधियों ने जिशान को जबरन कार में डाल लिया। वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया तो अपराधियों ने कई राउंड फायरिंग की और अपहृत को लेकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही भीमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से खोखा और अपहृत युवक की बाइक जब्त की। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना की जानकारी पर एसपी शरथ आर एस भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन कर अपहृत की बरामदगी और अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। एसपी खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं।



