
BIHAR:- जाली नोट रैकेट का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर- 28 सितंबर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर जाली नोट के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 71,200 रुपये की जाली भारतीय करेंसी, एक चार पहिया वाहन और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। सूचना मिली थी कि मोतीपुर में जाली नोटों की बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना के बाद टीम ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मो. साबिर, सुरेश राय, कृष्णा पटेल, राहुल सिंह, साधु साहनी और बीरेन्द्र पासवान के रूप में हुई है। इनके पास से ‘भारतीय मनोरंजन बैंक’ लिखे नकली नोट भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार बरामद नकली नोटों में 500 रुपये के 1,311, 200 रुपये के 1,184 और 100 रुपये के 1,153 नोट शामिल हैं, जिनकी कुल अंकित राशि 10,07,600 रुपये है। वहीं जाली भारतीय करेंसी 71,200 रुपये की है। पुलिस मोबाइल के सीडीआर की जांच कर गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई के स्रोत का पता लगा रही है। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि ‘मनोरंजन बैंक’ लिखे नोटों का इस्तेमाल धोखाधड़ी के लिए होना था या नहीं। आरोपितों से पूछताछ जारी है।



