
BIHAR:- शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर जल्दः शिक्षा मंत्री
सीवान- 08 अगस्त। बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के पहली बार भाजपा जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय,अमर शहीद श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार के शिक्षित युवाओं को शिक्षक बनने का अवसर देने के लिए जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति में शिकायत निवारण पोर्टल शुरू किया गया है। इंटरमीडिएट परिषद कार्यालय में कार्यों को आसान बनाने के लिए एकल खिड़की व्यवस्था लागू की गयी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शनिवार को अर्धदिवसीय विद्यालय की व्यवस्था की गयी है। विद्यालयों के भवनों की मरम्मत एवं रंग-रोगन के साथ प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। बिहार के विद्यार्थी आधुनिक तकनीक में पीछे न रहें, इसके लिए विद्यालयों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव ने किया। जिलाध्यक्ष ने शिक्षा मंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।



