
BIHAR:- नीट पेपर लीक मामले को लेकर सारण में बंद के दौरान असमाजिक तत्वों ने पुलिस गाड़ी फूंकी
छपरा- 25 जुलाई। नीट पेपर लीक के मामले में आहूत बंद के दौरान असमाजिक तत्वों ने शनिवार को जिला मुख्यालय सारण के नगर पालिका चौक पर पुलिस की एक गाड़ी को जला दिया। वहीं तरैया थाना के डायल 112 की गाड़ी को असमाजिक तत्वों ने लाठी-डंडे से हमला कर उसे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया दिया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के कचहरी स्टेशन के समीप असमाजिक तत्वों ने जदयू के वरिष्ठ नेता कामेश्वर सिंह की गाड़ी पर लाठी-डंडे से हमला किया। इस दौरान कामेश्वर सिंह का हाथ टूट गया और सिर पर चोट लगी है। फिलहाल कामेश्वर सिंह की चिकित्सा सदर अस्पताल में की जा रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले की जानकारी मिलने पर सारण के जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार स्वयं ही पुलिस बल के साथ सड़क पर उतर आए हैं। जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा सभी संवेदनशील स्थानों पर पहुंच कर असमाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है।



