
BIHAR:- स्नातक की छात्राओं के 50 हजार पर सरकार की कुंडली, सत्र 2022-25 की बेटियां आज भी इंतजार में: रूपम झा
मधुबनी, 24 अगस्त। बिहार की बेटियों के साथ सरकार छलावा कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत सत्र 2022-25 की स्नातक प्रथम श्रेणी में पास छात्राओं को मिलने वाली 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि आज तक नहीं मिली है। हजारों छात्राएं पोर्टल पर आवेदन कर थक चुकी हैं, लेकिन खाते में एक रुपया नहीं आया है।
इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष नलिनी रंजन झा उर्फ रुपम झा ने सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह सरकार बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ का सिर्फ ढिंढोरा पीटती है। जिले में ही सत्र 2022-25 की हजारों छात्राएं प्रथम श्रेणी से पास हुई हैं। साल भर से अधिक हो गया, लेकिन एक भी बेटी के खाते में 50 हजार की राशि नहीं गई। सरकार का खजाना खाली है या नियत खराब है।
उन्होंने कहा कि जब वोट लेना होता है तो यही सरकार कन्या उत्थान योजना का बखान करती है। आज जब बेटियों को उनके हक के पैसे देने की बारी है तो पोर्टल बंद, सर्वर डाउन का बहाना बनाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि 15 दिनों के अंदर छात्राओं की राशि उनके खाते में भेजी जाए, नहीं तो आंदोलन करेंगे। बेटियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। इधर, एक छात्रा राखी कुमारी का कहना है कि डिग्री पूरी हो गई, रिजल्ट आ गया, लेकिन सरकार की तरफ से सिर्फ तारीख पर तारीख मिल रही है।
कई छात्राएं इस राशि से आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहती थीं, लेकिन उनके सपनों पर पानी फेर दिया है। कई छात्राओं ने बताया कि मेडलिस्ट पोर्टल पर ‘Pending at Education Department’ दिखा रहा है। कॉलेज वाले कहते हैं सरकार से पैसा नहीं आया है। सरकार के इस रवैये से छात्राओं में भारी निराशा और आक्रोश है।



