
BIHAR:- सीतामढ़ी में कचरे के ढ़ेर में रखे बम धमाके में 3 बच्ची जख्मी
सीतामढ़ी-16 दिसंबर। बिहार के सीतामढ़ी जिले के तहत बेला थाना क्षेत्र के मझौलिया गांव में गुरुवार को बम धमाके की घटना में तीन मासूम बच्ची गंभीर रुप से घायल हो गई।स्थानीय लोगों की मानें तो डकैतों के द्वारा बम को छुपाकर कचरे में रखा गया था।
बेला थाना अध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि, बीते एक दिसंबर की रात वेदानंद शाह के घर में डकैती हुई थी।आशंका जताई जा रही है कि, भागने के दौरान डकैतों ने यहां बम छोड़ दिया होगा, जो कचरे में था। थानाध्यक्ष ने बताया कि, घायल बच्चियों की पहचान रेहाना खातून, चुनचुन खातून और चांदनी खातून के रूप में की गई है। मामले की छानबीन चल रही है। छानबीन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खेलने के दौरान बच्चों की नजर कचरे में पड़ी बम पर पड़ी, जिसे खिलौना समझकर उन्होंने उठा लिया। छेड़ने की वजह से बम एक्टिवेट हो गया और जोरदार ब्लास्ट हुआ है। धमाके की वजह से 3 बच्चियां गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हालांकि, अस्पताल में इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए बच्चों को रेफर कर दिया गया है।
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि भागलपुर में भी पिछले दिनों हुए एक के बाद एक तीन धमाके और कई जिंदा बम की बरामदगी के बाद सीतामढ़ी की इस घटना को भी काफी गंभीरता से लिया जा रहा है।



