भारत

भारत ने खाद्यान्न उत्पादन में बनाया नया रिकॉर्ड, 3785 लाख टन तक पहुंचा उत्पादन

नई दिल्ली- 26 नवंबर। भारतीय कृषि क्षेत्र ने एक बार फिर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश में वर्ष 2025-26 के दौरान खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। यह पिछले वर्ष के मुकाबले 208.06 लाख टन अधिक है।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को नई दिल्ली में पत्रकार वार्ता में वर्ष 2025-26 की प्रमुख कृषि फसलों के अंतिम उत्पादन अनुमान और वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी किए।

चौहान ने कहा कि किसानों की मेहनत और मोदी सरकार की नीतियों के चलते भारत कृषि उत्पादन के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। आज भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। वहीं गेहूं और कपास के उत्पादन में भारत दूसरे स्थान पर है।

कृषि मंत्री द्वारा जारी अंतिम अनुमानों के मुताबिक वर्ष 2025-26 में देश का कुल खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन रहा, जबकि वर्ष 2024-25 में यह 3577.32 लाख टन था। इस तरह एक साल में खाद्यान्न उत्पादन में 208.06 लाख टन की बढ़ोतरी दर्ज की गई। चावल उत्पादन में भी नया रिकॉर्ड बना है। वर्ष 2025-26 में चावल का उत्पादन बढ़कर 1551.54 लाख टन पहुंच गया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 49.70 लाख टन अधिक है। वहीं गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष से 41.19 लाख टन ज्यादा है।

मक्का उत्पादन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। वर्ष 2024-25 में 434.09 लाख टन के मुकाबले वर्ष 2025-26 में मक्का उत्पादन बढ़कर 550.25 लाख टन हो गया। वहीं कुल पोषक और मोटे अनाज का उत्पादन 740.80 लाख टन दर्ज किया गया, जिसमें श्री अन्न का योगदान 172.09 लाख टन रहा। दलहन और तिलहन के उत्पादन में भी देश ने नए रिकॉर्ड बनाए हैं। वर्ष 2025-26 में कुल दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 15.57 लाख टन अधिक है। इसमें मूंग का उत्पादन रिकॉर्ड 43.96 लाख टन दर्ज किया गया। चना उत्पादन 125.13 लाख टन और अरहर का उत्पादन 35.99 लाख टन रहा।

वहीं कुल तिलहन उत्पादन बढ़कर 432.55 लाख टन के स्तर पर पहुंच गया। इसमें मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन और रेपसीड एवं सरसों का उत्पादन 137.66 लाख टन रहा। सोयाबीन का उत्पादन 126.36 लाख टन दर्ज किया गया।

कृषि मंत्री ने कहा कि गेहूं और चावल के पर्याप्त भंडार के बाद अब सरकार का विशेष जोर दलहन और तिलहन के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर है। इसके लिए राष्ट्रीय दलहन मिशन और तिलहन मिशन के माध्यम से उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

चौहान ने कहा कि भारत अब केवल अपनी घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा नहीं कर रहा, बल्कि दुनिया की खाद्य आपूर्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। भारतीय चावल की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग लगातार बढ़ रही है और इसके निर्यात में 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। अमेरिका, कनाडा और मिडिल ईस्ट सहित दुनिया के कई देशों में भारतीय बासमती चावल की मांग बढ़ रही है। कृषि मंत्री के मुताबिक भारत चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। वहीं गेहूं, कपास, मूंगफली और फल-सब्जियों के उत्पादन में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है। गन्ना उत्पादन में ब्राजील के बाद भारत दूसरे स्थान पर है।

कृषि मंत्री ने वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान भी जारी किए। खरीफ सीजन में कुल खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत खरीफ उत्पादन से 97.67 लाख टन अधिक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अल नीनो की वापसी, मानसून में देरी और कई प्रमुख कृषि क्षेत्रों में कम बारिश के कारण किसानों को मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में मिट्टी की नमी कम होने और सूखे जैसी स्थिति का असर धान, मक्का, अरहर, सोयाबीन और कपास की बुवाई पर पड़ा। इसके बावजूद किसानों की मेहनत, सरकारी योजनाओं और वैज्ञानिकों द्वारा विकसित जलवायु अनुकूल फसल किस्मों के कारण खरीफ उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।

प्रथम अग्रिम अनुमान के अनुसार खरीफ सीजन में चावल का उत्पादन 1219.05 लाख टन रहने की संभावना है। वहीं पोषक और मोटे अनाज का उत्पादन 381.05 लाख टन अनुमानित है। इसमें मक्का 260.64 लाख टन, बाजरा 89.43 लाख टन, ज्वार 14.79 लाख टन और रागी 12.48 लाख टन रहने का अनुमान है। खरीफ दलहन का कुल उत्पादन 71.32 लाख टन रहने की संभावना है। इसमें अरहर 31.22 लाख टन, मूंग 16.59 लाख टन और उड़द 14.49 लाख टन शामिल हैं। वहीं खरीफ तिलहन का उत्पादन 239.47 लाख टन रहने का अनुमान है। इसमें मूंगफली का उत्पादन 111.68 लाख टन और सोयाबीन का उत्पादन 102.44 लाख टन रहने की संभावना जताई गई है।

खरीफ सीजन में गन्ने का उत्पादन 4543.39 लाख टन, कपास का उत्पादन 248.66 लाख गांठ और जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 97.06 लाख गांठ रहने का अनुमान है। वर्ष 2025-26 के अंतिम अनुमानों में कई नकदी और व्यावसायिक फसलों का उत्पादन भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है। मक्का का उत्पादन 550.25 लाख टन, गन्ने का उत्पादन 5037.29 लाख टन और मूंगफली का उत्पादन 131.71 लाख टन दर्ज किया गया। कपास का उत्पादन 280.06 लाख गांठ रहा, जबकि जूट एवं मेस्ता का उत्पादन 94.28 लाख गांठ दर्ज किया गया।

कृषि मंत्री चौहान ने बताया कि कृषि उत्पादन के ये अनुमान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्राप्त आंकड़ों के साथ आधुनिक तकनीकों और वैज्ञानिक प्रक्रियाओं के आधार पर तैयार किए गए हैं। इनमें रिमोट सेंसिंग, डिजिटल क्रॉप सर्वे, डिजिटल जनरल क्रॉप एस्टिमेशन सर्वे और साप्ताहिक फसल मौसम निगरानी समूह के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीफ 2026-27 के ये प्रथम अग्रिम अनुमान हैं। फसल कटाई के दौरान प्राप्त वास्तविक उपज के आंकड़ों के आधार पर इन्हें आगे द्वितीय और अंतिम अनुमानों में संशोधित किया जाएगा।

कुल मिलाकर वर्ष 2025-26 के रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन और खरीफ 2026-27 के सकारात्मक अनुमानों को भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। सरकार अब गेहूं और चावल में हासिल आत्मनिर्भरता के बाद दलहन और खाद्य तेलों के उत्पादन को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रही है। इसके लिए राष्ट्रीय मिशनों, आधुनिक कृषि तकनीक, जलवायु अनुकूल बीजों और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Follow on X-twitter Follow
Follow on Pinterest Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!