
MADHUBANI: दीपावली-छठ को लेकर नगर थाना पुलिस अलर्ट, शहर में 35 जवान तैनात, भीड़ और जाम से निपटने के लिए खास तैयारी
मधुबनी- 07 नवंबर। दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर थाना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। पर्व के मद्देनजर शहर के बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।
नगर थाने की ओर से शहर के प्रमुख और भीड़भाड़ वाले इलाकों में कुल 35 जवानों की विशेष तैनाती की गई है, ताकि यातायात को सुगम बनाया जा सके और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
त्योहार के इस सीजन में लोग बड़ी संख्या में खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर काफी भीड़भाड़ बढ़ गई है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शहर के अति-व्यस्त चौक-चौराहों जैसे बाटा चौक, शंकर चौक, बड़ी बाजार, सूरी स्कूल चौक, थाना चौक और रेलवे स्टेशन आदि प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल मुस्तैदी से तैनात है।
पुलिस की इस पहल से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ खरीदारों को भी बड़ी राहत मिल रही है।



