
मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से कहा ‘अलविदा’ 13 सालों के सफर का हुआ अंत
नई दिल्ली- 07 नवंबर। भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने 06 नवंबर की रात्रि सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी। खास बात यह है कि 06 नवंबर 2013 को ही शमी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। ठीक 13 साल बाद उसी तारीख को उन्होंने इस प्रारूप को अलविदा कह दिया।
मोहम्मद शमी ने अपने संदेश में टेस्ट क्रिकेट से जुड़े अनुभवों, संघर्षों और उपलब्धियों को याद किया। उन्होंने कहा कि जब पहली बार भारतीय टेस्ट टीम की सफेद जर्सी पहनी थी, तब देश के लिए कुछ कर दिखाने का सपना था। इस सफर में हर विकेट, संघर्ष, चोट और वापसी ने उन्हें कुछ नया सिखाया। टेस्ट क्रिकेट उनके लिए महज एक प्रारूप नहीं, बल्कि जिंदगी का बेहद खास हिस्सा रहा है। उन्होंने अपने साथियों, प्रशिक्षकों, परिवार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई), क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल और करोड़ों प्रशंसकों का आभार जताया।



