
MADHUBANI: चाट-समोसे के पैसों को लेकर दुकानदार और ग्राहक में मारपीट, ग्राहक का सिर फटा, आरोपी दुकानदार गिरफ्तार
मधुबनी- 07 नवंबर। नगर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर एक दुकानदार और ग्राहक के बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसमें ग्राहक का सिर फट गया। घायल ग्राहक की पहचान ऑफिसर कॉलोनी निवासी रौशन कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी दुकानदार राजदेव महतो बताया जा रहा है।
नगर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राजदेव महतो की शहर में चाट-समोसे की दुकान है। शुक्रवार देर शाम रौशन कुमार उनकी दुकान पर नाश्ता करने गए थे, जहां पैसों के लेन-देन को लेकर दोनों के बीच विवाद खड़ा हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दुकानदार और उसके अन्य स्टाफ ने मिलकर ग्राहक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दुकानदार और उसके स्टाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।



