
MADHUBANI:- शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, वेतन सत्यापन पूरा, अब CFMS से होगा निर्बाध भुगतान
मधुबनी, 07 नवंबर। जिले के शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, मधुबनी ने वित्त विभाग के निर्देश के आलोक में जिले के सभी पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का सत्यापन प्रतिवेदन जारी कर दिया है। अब वेतन भुगतान में किसी प्रकार की अड़चन नहीं आएगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी सत्यापन प्रतिवेदन में तीन बिंदुओं पर प्रमाणित किया गया है। वित्त विभाग के पत्र के आलोक में इस कार्यालय एवं अधीनस्थ संस्थानों के शत-प्रतिशत पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के HRMS ID तथा वेतन निर्धारण की सूक्ष्म जांच कर ली गई है।
HRMS पोर्टल पर दर्ज प्रविष्टियों एवं अनुमान्य वेतन की सम्यक पुष्टि उपरांत ही CFMS के माध्यम से नियमानुकूल वेतन भुगतान हेतु विपत्र प्रेषित किया जा रहा है। HRMS में Maker, Checker एवं Approver का दायित्व प्राथमिकता के आधार पर नियमित पदाधिकारियों, कर्मियों को ही सौंपा गया है। यह प्रतिवेदन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी, मधुबनी के हस्ताक्षर से जारी किया गया है।



