
BIHAR:- मधुबनी में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: NH-27 पर रेस्ट हाउस की आड़ में चल रहा था धंधा, 3 युवतियां मुक्त, 4 गिरफ्तार
मधुबनी – 05 सितंबर। पुलिस ने देह व्यापार के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सकरी थाना क्षेत्र के नरपतिनगर में एनएच 27 किनारे अपोलो टायर दुकान के ऊपर बने रॉयल रेस्ट हाउस में अवैध धंधा चल रहा है। सूचना पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में AHTU, महिला थाना और फॉरेंसिक टीम ने संयुक्त छापेमारी की। मौके से पुलिस ने 3 युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया और 4 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में पता चला है कि गिरोह कोलकाता और अन्य जगहों से युवतियों को शादी और नौकरी का झांसा देकर लाता था और बंधक बनाकर धंधा करवाता था। मुख्य आरोपी बंगाली उर्फ आलमगीर शेख फरार है, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल का सौरभ मिस्त्री भी शामिल है। सकरी थाना में BNS और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी में बंगाल के सौरभ मिस्त्री,अंधराठाढी के बिठौनी गांव निवासी दिनेश कुमार महतो, बिस्फी थाना क्षेत्र घाट भटरा गांव निवासी दिनेश कुमार, दरभंगा जिला के रानीपुर निवासी पप्पू पासवान शामिल है।



