
‘लक्ष्य तक’ का नया कॉलम – ‘जनता का फैसला’ ‘होगी बात मधुबनी के अगले मेयर प्रत्याशी की’
मधुबनी- 31 अगस्त। ‘लक्ष्य तक’ शुरू कर रहा है अपना नया ग्राउंड कॉलम – “जनता का फैसला”। लोगों का इंतजार खत्म, अब हर शनिवार होगी जनता की बारी। हर शनिवार हमारी टीम शहर के बीच होगी।आम लोगों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और बुद्धिजीवियों से सीधी बात होगी, खुली चर्चा होगी और सुना जाएगा जनता का फैसला। जनता के मुद्दे ही होगा ‘लक्ष्य तक’ का एजेंडा। बहरहाल, विधानसभा चुनाव 2025 और नगर निगम सशक्त स्थायी समिति चुनाव 2026 के बाद मधुबनी की राजनीति में उलटफेर की आहट तेज हो गई है। निगम की नई बिसात बिछने लगी है, मोहरे सजने लगे हैं।

सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में निगम में वर्चस्व की दो-फाड़ साफ दिखी और यहीं से आगे की शह-मात की लकीर खिंच गई। चर्चा अब अगले मेयर प्रत्याशी के चयन तक पहुंच गई है। आने वाले समय में मधुबनी की नगर सरकार की राजनीति नए रंग में दिख सकती है। इसमें भू-माफिया बनाम भू-रक्षक, सरकारी और गैर-सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त, कब्जा, पिता के बाद पुत्र, पति के बाद पत्नी यानी परिवारवाद, योजनाओं में ठेकेदारी प्रथा और टेंडर में कमीशनखोरी जैसे मुद्दों पर जनता क्या सोचती है, वही ‘लक्ष्य तक’ दिखाएगा। अगले शनिवार आएगी पहली ग्राउंड रिपोर्ट।



