
MADHUBANI:- विद्यालय संचालन में लापरवाही पर DM ने की कार्रवाई, बिस्फी BEO को किया पद्मुक्त
मधुबनी- 23 अगस्त। मधुबनी जिले में बच्चों को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विद्यालयों के सुचारु संचालन को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए। भवनविहीन अथवा भूमिहीन विद्यालयों में भी पठन-पाठन के लिए तत्काल समुचित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बिस्फी प्रखंड के नया प्राथमिक विद्यालय, रामसागर टोल के पेड़ के नीचे संचालित होने संबंधी वीडियो प्रसारित होने के मामले को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है। मामले में प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सह प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शेखर कुमार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बिस्फी एवं शैक्षणिक अंचल चहुटा के प्रभार से हटा दिया गया है। साथ ही, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए सक्षम प्राधिकार को अनुशंसा भेजने का निर्देश दिया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि भवनविहीन अथवा भूमिहीन विद्यालयों में बच्चों की पढ़ाई के लिए निकटतम विद्यालय से टैग कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। यदि किसी विद्यालय का संचालन निजी भवन,खुले मैदान,पेड़ के नीचे या किसी अस्थायी संरचना में हो रहा है और इससे बच्चों के पठन-पाठन में कठिनाई उत्पन्न हो रही है, तो संबंधित विद्यालय के विद्यार्थियों की पढ़ाई निकटतम विद्यालय में सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए सुरक्षित, व्यवस्थित और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि यदि किसी भवनविहीन अथवा भूमिहीन विद्यालय का संचालन पेड़ के नीचे, खुले मैदान या अस्थायी संरचना में इस प्रकार होता पाया गया कि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, तो संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।



