
BIHAR:- मदरसा एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों व कर्मियों के लंबित वेतन पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने चिंता व्यक्त की, मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
पटना- 11 अगस्त। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार के अनुदानित मदरसों एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षक कर्मियों का पूर्ण लंबित वेतन पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखा है। जिसमें नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि यह चिंताजनक विषय है कि अनुदानित मदरसों एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों का लगभग 5-6 माह से वेतन लंबित है। उनके परिवारों की आवश्यकताएं प्रभावित हो रही हैं। शिक्षक एवं कर्मचारी का महीनों तक वेतन से वंचित रखना, मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है।
उन्होने कहा है कि अनुदानित मदरसों एवं संस्कृत विद्यालयों के शिक्षक कर्मियों का पूर्ण लंबित वेतन तत्त्काल जारी करने, शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों से इस पूरी प्रक्रिया में हुई विसंगतियों पर जवाबदेही निर्धारित कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि शिक्षकों के साथ अन्याय, विद्यार्थियों के शैक्षणिक अधिकारों की उपेक्षा तथा महीनों तक वेतन रोककर रखना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। संबंधित विभाग को स्पष्ट एवं समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया जाए, किसी भी भाषा, विषय या शिक्षक के साथ भेदभाव न हो, तथा बिहार की शिक्षा व्यवस्था राजनीतिक अथवा प्रशासनिक लापरवाही का शिकार न बने।



