
टीवी पर फिर दिखेगा माधुरी दीक्षित का जलवा
बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री माधुरी दीक्षित जल्द ही टीवी पर एक नए अंदाज में नजर आने वाली हैं। अमिताभ बच्चन के लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मराठी संस्करण ‘कोण होणार करोड़पती’ की मेजबानी माधुरी दीक्षित करेंगी। निर्माताओं ने शो का नया प्रोमो जारी कर दिया है, जिसमें अभिनेत्री का शानदार अंदाज देखने को मिल रहा है। यह शो उनके लिए खास है, क्योंकि इसके साथ वह करीब 24 साल बाद सोनी चैनल पर वापसी कर रही हैं।
प्रोमो की शुरुआत माधुरी दीक्षित की शानदार एंट्री से होती है। हरे रंग की लावणी साड़ी पहने अभिनेत्री ‘पहला पहला प्यार है’ गाने पर नजर आती हैं। इसके बाद वह शो को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर करती हैं। माधुरी कहती हैं कि वह प्रतियोगियों से मिलने, उनकी असाधारण कहानियां सुनने और हॉट सीट पर उनके सपनों को साकार होते देखने के लिए उत्साहित हैं। प्रोमो सामने आने के बाद फैंस भी अभिनेत्री को इस नए अवतार में देखने के लिए उत्साहित हैं।
माधुरी दीक्षित ने साल 2002 में सोनी चैनल पर प्रसारित रियलिटी शो ‘कहीं ना कहीं कोई है’ की मेजबानी की थी। अब लंबे अंतराल के बाद वह फिर इसी नेटवर्क से जुड़ रही हैं। ‘कोण होणार करोड़पती’ का प्रसारण जल्द ही सोनी मराठी और सोनी लिव पर किया जाएगा। शो के जरिए मराठी दर्शकों को क्विज, मनोरंजन और प्रतियोगियों की प्रेरणादायक कहानियों का नया अनुभव देखने को मिलेगा।



