
MADHUBANI: झंझारपुर और राजनगर थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में शराब जब्त, उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई
मधुबनी, 11 अगस्त। बिहार के मधुबनी जिला के झंझारपुर एवं राजनगर थाना क्षेत्र से भारी मात्रा में शराब जब्त की गयी है।
मिला जानकारी के अनुसार उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर के निर्देश पर मंगलवार की अलसुबह शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई। नेपाल से जयनगर के रास्ते लग्जरी गाड़ियों में शराब रखकर तस्करी करने के मंसूबों पर उत्पाद विभाग की टीम ने पानी फेर दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की पुलिस टीम ने एक ही समय में दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब बरामद की है।

उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को जयनगर के रास्ते शराब तस्करी की सटीक सूचना मिली थी। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए राजनगर थाना क्षेत्र के सोनवारी और झंझारपुर थाना क्षेत्र के शमिया चौक पर एक साथ छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान झंझारपुर थाना क्षेत्र शमिया चौक से जब्त लग्जरी कार से 112 कार्टन देसी शराब बरामद की गई, जबकि राजनगर के सोनवारी से 450 लीटर नेपाली देसी शराब जब्त हुई।
पुलिस के आने की भनक लगते ही दोनों गाड़ियों के चालक और तस्कर मौके से भागने में सफल हो गया। हालांकि, उत्पाद विभाग ने दोनों लग्जरी वाहनों को जब्त कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि दोनों स्थानों पर शराब की तस्करी में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है। उत्पाद विभाग की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।



