
हरियाली तीज इस साल 15 अगस्त को मनाई जाएगी
महिलाएं पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए रखेंगी निर्जला व्रत: आभा झा
मधुबनी -11 अगस्त। इस साल हरियाली तीज सावन के शुक्ल पक्ष की तृतीया 15 अगस्त को मनाई जाएगी। इस दिन सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखेंगी। कुंवारी लड़कियां भी मनचाहे वर के लिए पूजा करती हैं। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है। बाजारों में साडी, कपड़े, मेहंदी, चूड़ी,श्रृंगार सामग्री की खरीदारी बढ़ गई है। आकर्षक साड़ी और चूड़ियां महिलाओं को लुभा रही हैं।
वास्तु विज्ञान और हस्तरेखा विशेषज्ञ ज्योतिषी आभा झा ने बताया कि इस साल हरियाली तीज पर शिव, सिद्ध और रवि योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है। रवि योग में व्रत, पूजा-अर्चना अन्य धार्मिक अनुष्ठान शुभ फलदायी माना गया है। मधुबनी सहित मिथिला की व्रतियां रातभर जागरण और कीर्तन करती हैं। मिथिला में विवाह बाद पहली तीज पर व्रती के मायके से कपड़े, श्रृंगार सामग्री और मिष्ठान आने की परंपरा है।
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त शाम 6:46 बजे तृतीया तिथि शुरू होकर 15 अगस्त शाम 5:28 बजे समाप्त होगा। उदया तिथि के अनुसार 15 अगस्त को व्रत रखा जाएगा। ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04:50 से 05:35 तक, अभिजित मुहूर्त दोपहर 12:17 से 01:08, तक, विजय मुहूर्त दोपहर 02:51 से 03:42 तक तथा गोधूलि मुहूर्त शाम 07:06 से 07:29 तक रहेगा। उन्होंने बताया कि इसी दिन माता पार्वती की तपस्या सफल हुई थी। भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। यह पर्व भगवान शिव, माता पार्वती के पवित्र निश्चछ प्रेम, समर्पण का प्रतीक है। व्रती को माता पार्वती की तरह अखंड सौभाग्य, सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद मिलता है।
रिपोर्ट कपिलेश्वर साह



