
MADHUBANI शहर के संतुनगर ठलेसरी श्मशान की जमीन पर सालों से अवैध निर्माण पर चलेगा बुलडोजर
मधुबनी- 30 जुलाई। रहिका अंचल के नए अंचल अधिकारी के पदस्थापन के बाद अंचल के तहत नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमित सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करने की उम्मीद बढ़ गई है। कई सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अंचल कार्यालय द्वारा मापी के आदेश दिए गए है। अंचल कार्यालय द्वारा निगम क्षेत्र की सरकारी बेशकीमती जमीनों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अतिक्रमित जमीनों की सूची तैयार की जा रही है। जमीन संबंधित अभिलेखों व फाइलों की खोजबीन शुरू हो गई है। बता दें कि निगम क्षेत्र के वार्ड 9 के संतुनगर ठलेसरी स्थित श्मशान की जमीन पर एक दर्जन से अधिक लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है।
अपर समाहर्ता न्यायालय द्वारा द्वारा पूर्व में श्मशान की जमीन अतिक्रमण मुक्त कराने का आदेश रहिका अंचल अधिकारी को दिया गया था। सीएस खतियान के अनुसार खाता 508, खेसरा 5907, गैरमजरूआ खास कुल रकवा 19 कट्ठा 5 धुर जमीन दशकों से श्मशान के रुप में उपयोग किया जा रहा है। इस जमीन पर पहले कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर घर-मकान बना लिया। बाद में कई लोगों ने अवैध रूप से इस जमीन की खरीद-फरोख्त शुरु कर दिया।
जानकारों के मुताबिक यहां जमीन के नाम पर अनेकों लोगों से मोटी रकम लेकर अवैध रूप से कब्जा दे दिया गया है। एक साल पूर्व श्मशान की जमीनअतिक्रमण की शिकायत की जांच कराया गया था। पूर्व में अंचल कार्यालय में अतिक्रमण वाद की कार्रवाई की गई थी। जिसमें अतिक्रमणकारियों के जमाबंदी निरस्त कर दिया गया था। इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सदर अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के कार्यालय द्वारा भी अतिक्रमण खाली कराने का अंचल कार्यालय को आदेश दिया गया था।



